Govt Employees Latest News. Image Source- IBC24 Archive
जयपुर। Govt Employees Latest News: सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ी सहूलियत देते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब राज्य सरकार के किसी भी विभाग में कार्यरत अधिकारी या कर्मचारी को यूपीएससी, आरपीएससी या अन्य किसी भी केंद्रीय व राज्य स्तरीय परीक्षा के लिए एनओसी लेने की आवश्यकता नहीं होगी। नया आदेश आयोजन विभाग की ओर से जारी किया गया है।
राजस्थान सरकार के इस फैसले से उन कर्मचारियों को खास राहत मिलेगी, जो नौकरी के साथ-साथ बेहतर पदों या नई सेवाओं में चयन पाने की तैयारी करते हैं। पहले परीक्षा में बैठने के लिए संबंधित विभाग से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य था, और कई बार देरी या अस्वीकृति के कारण कर्मचारी परीक्षा देने से वंचित रह जाते थे।
Govt Employees Latest News: नए निर्देश के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने के लिए कोई पूर्व अनुमति नहीं चाहिए, लेकिन अगर कर्मचारी चयनित हो जाता है और नई नियुक्ति जॉइन करना चाहता है, तो वर्तमान विभाग से एनओसी लेकर ही कार्यमुक्त हो सकेगा। यानी परीक्षा देना अब आसान, लेकिन नई नौकरी जॉइन करने के लिए पुरानी प्रक्रिया लागू रहेगी। सरकार का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य कर्मचारियों के लिए अवसरों को विस्तृत करना और प्रशासनिक औपचारिकताओं से जुड़े अनावश्यक अवरोधों को खत्म करना है। कई कर्मचारी लंबे समय से यह मांग उठा रहे थे कि अनुमति प्रक्रिया उनकी परीक्षाओं और करियर को प्रभावित करती है। निर्णय का स्वागत करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि अब वे बिना किसी परेशानी के यूपीएससी, आरपीएससी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल हो पाएंगे और उच्च शिक्षा व अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी आवेदन करने में आसानी होगी।