युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार कर रही लगातार कार्य: मुख्यमंत्री शर्मा

Ads

युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार कर रही लगातार कार्य: मुख्यमंत्री शर्मा

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 03:49 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 03:49 PM IST

जयपुर, 28 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, खेल, रोजगार और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने विकसित भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

शर्मा ने मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विचारवान, अनुशासित और संस्कारवान युवा ही प्रगतिशील समाज की मजबूत नींव होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘युवा नए विचारों और ऊर्जा से भरपूर होते हैं। हमारी सरकार उनसे निरंतर संवाद कर रही है और उनकी उपयोगी सलाह को बजट सहित विभिन्न नीतियों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, “ पिछले ढाई वर्षों में 1.78 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वर्तमान में करीब 51 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि 80 हजार से अधिक पद भर्ती कैलेंडर में शामिल किए गए हैं। इसके अलावा 70 हजार से अधिक नए पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है।”

उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में भी करीब 4.5 लाख रोजगार सृजित किए गए हैं।

शर्मा ने प्रश्न पत्र लीक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन के बाद ऐसे मामलों में अब तक 569 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक की घटना के सफलतापूर्वक आयोजित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि ‘राजस्थान स्टार्टअप’ पहल के तहत अब तक 4,623 स्टार्टअप पंजीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 1,062 को ‘आई-स्टार्ट’ फंड के माध्यम से 34 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का अनावरण किया।

उन्होंने विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट और स्वयंसेवकों से संवाद कर शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर से जुड़े सुझाव भी लिए।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र