भुवनेश्वर, 13 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को राजधानी भुवनेश्वर के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई दी।
राज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “राजधानी स्थापना दिवस पर हम भुवनेश्वर का उत्सव मना रहे हैं, एक ऐसा शहर जो अपनी कालातीत विरासत और निरंतर प्रगति का सुंदर मिश्रण है। इतिहास में रची-बसी और एक उद्देश्य के साथ आगे बढ़ती हुई भुवनेश्वर की भूमि हमें प्रेरित और गौरवान्वित करती है।”
मुख्यमंत्री माझी ने इस अवसर पर राज्य के सभी लोगों और विशेष रूप से भुवनेश्वर के निवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारा प्रिय शहर “मंदिरों का शहर’, जो एकाम्र क्षेत्र की विरासत, संस्कृति और आधुनिकता का एक अनूठा संगम है, ने अब शिक्षा, आईटी और खेल के प्रमुख केंद्र के रूप में वैश्विक स्तर पर अपनी एक नयी पहचान बनाई है।”
उन्होंने भुवनेश्वर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “इस गौरवशाली दिन, आइए हम अपनी राजधानी को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और प्रगतिशील बनाने का संकल्प लें।”
विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर को हरा-भरा और सुंदर बताते हुए कहा कि इस शहर ने अपनी प्राचीन विरासत, समृद्ध संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला से ओडिशा की पहचान को समृद्ध किया है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि सबको साथ लेकर चलते हुए इस शहर ने विकास के पथ पर एक नया अध्याय जोड़ा है। आइए, हम इसे देश की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाने का संकल्प लें।
स्थापना दिवस मनाने के लिए शहर में दिन भर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और लोक भवन तथा शहर की प्रमुख सड़कों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत