नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता का स्तर ‘खराब’ श्रेणी में पहुंचने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने मंगलवार को चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तहत पहले चरण के उपाय लागू किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘दिल्ली का एक्यूआई बढ़ता हुआ रुझान दिखा रहा है और आज यह 208 (खराब श्रेणी) दर्ज किया गया। इसके अलावा, आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में ही रहने की आशंका है।’
अधिकारी ने कहा, “तदनुसार, सीएक्यूएम की ग्रैप संबंधी उप-समिति ने पूरे एनसीआर में तत्काल प्रभाव से ग्रैप के चरण-1 के तहत सभी उपायों को लागू करने का निर्णय लिया है।”
ग्रैप-1 की पाबंदियों के तहत, होटलों, रेस्तरां और खुले भोजनालयों में तंदूर में कोयले और लकड़ी के ईंधन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाता है और डीजल जनरेटर का उपयोग केवल आपातकालीन या आवश्यक स्थितियों में ही करने की अनुमति है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप