गुजरात: भावनगर में जहरीली शराब पीने से 61 लोग बीमार, 25 व्यक्ति अस्पताल में भर्ती
गुजरात: भावनगर में जहरीली शराब पीने से 61 लोग बीमार, 25 व्यक्ति अस्पताल में भर्ती
भावनगर, 21 अगस्त (भाषा) गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 61 लोग बीमार हुए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 10 मरीजों की हालत गंभीर है।
जिला प्रशासन ने बताया कि अत्यधिक जहरीले पदार्थ मेथनॉल युक्त शराब पीने वाले 25 लोगों का अब भी अस्पताल में इलाज जारी है।
इस घटना के सिलसिले में वरतेज थाने में दर्ज प्राथमिकी में 21 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गुजरात में शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है।
जिला प्रशासन कार्यालय ने बताया, “कुल 61 लोग बीमार हुए हैं और 25 का अब भी इलाज जारी है। शराब पीने वाले 18 अन्य लोग अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन चिकित्सकों के परामर्श के बाद वहां से चले गए।”
अस्पताल में भर्ती मरीजों में से 15 की हालत स्थिर है, जबकि 10 मरीज गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं।
इनमें से एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि अब तक 10 अन्य मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने भारत में निर्मित लोकप्रिय विदेशी शराब (आईएमएफएल) ब्रांड के नाम वाली बोतलों में पैक की गई जहरीली शराब का सेवन किया था।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मद्य निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-इरादतन हत्या, मिलावट और जहर देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मामले की जांच राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) को सौंप दी गई है।
यह गुजरात पुलिस की विशेष इकाई है, जो पूरे राज्य में अवैध शराब और जुआ गतिविधियों पर नजर रखती है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


