गुजरात: कांग्रेस ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए समितियों का गठन किया

गुजरात: कांग्रेस ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए समितियों का गठन किया

गुजरात: कांग्रेस ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए समितियों का गठन किया
Modified Date: March 5, 2026 / 09:35 pm IST
Published Date: March 5, 2026 9:35 pm IST

अहमदाबाद, पांच मार्च (भाषा) गुजरात में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी के लिए कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कई समितियों का गठन किया। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी।

कांग्रेस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इन समितियों को पार्टी अध्यक्ष की मंजूरी मिल गई है और ये तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

पार्टी ने चुनाव रणनीति, अभियान प्रबंधन, घोषणापत्र तैयार करने, मीडिया संपर्क और प्रचार की निगरानी के लिए अलग-अलग समितियां बनाई हैं।

कांग्रेस की गुजरात इकाई के पूर्व अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी को रणनीति समिति का अध्यक्ष, लालजी देसाई को उपाध्यक्ष और हेमांग वासवदा को संयोजक नियुक्त किया गया है।

चुनाव प्रचार समिति की अध्यक्षता राज्यसभा सदस्य और राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल करेंगे।

गुजरात विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी को उपाध्यक्ष बनाया गया है जबकि गुजरात से कांग्रेस की एकमात्र लोकसभा सदस्य जेनीबेन ठाकुर इसकी संयोजक होंगी।

चुनाव संबंधी गतिविधियों की देखरेख के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ पटेल की अध्यक्षता में एक चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया है।

विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवानी इसके उपाध्यक्ष होंगे जबकि बिमलभाई शाह संयोजक के रूप में कार्य करेंगे।

कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की अध्यक्षता पूर्व सांसद और पार्टी की इकाई के पूर्व अध्यक्ष जगदीश ठाकुर करेंगे।

इंद्रविजयसिंह गोहिल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है और हिम्मतसिंह पटेल समिति के संयोजक के रूप में कार्य करेंगे।

पार्टी ने अपनी संचार रणनीति के समन्वय के लिए एक मीडिया समिति का भी गठन किया है।

राज्यसभा की पूर्व सदस्य डॉ. अमी याजनिक इस समिति की अध्यक्ष होंगी जबकि पूर्व विधायक ललितभाई कागथारा को उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक ग्यासुद्दीन शेख को संयोजक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा कादिरभाई पीरजादा की अध्यक्षता में एक प्रचार समिति का गठन किया गया है।

विधायक अनंत पटेल उपाध्यक्ष और पार्टी नेता चेतन रावल संयोजक होंगे।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में