गुजरात: सूरत के पास नदी में डूबने से चार लोगों की मौत
गुजरात: सूरत के पास नदी में डूबने से चार लोगों की मौत
सूरत, 12 मई (भाषा) गुजरात के सूरत जिले में काकरापार बांध के पास एक नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मांडवी पुलिस थाने के निरीक्षक जयेश वलवी ने बताया कि कौशिक चौधरी (23) सोमवार सुबह अपनी गाय-भैसों को लेकर नदी पर गया था। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवार वाले चिंतित हो गए।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह कौशिक के भाई, चाचा और एक दोस्त ने उसकी तलाश शुरू की। उन्हें नदी के किनारे कौशिक के कपड़े पड़े मिले।
वलवी ने कहा कि यह सोचकर कि कौशिक शायद नदी में डूब गया है, वे तीनों उसे ढूंढने के लिए पानी में कूद गए। लेकिन वे तीनों भी पानी के भंवर में फंस गए और डूब गए।
दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद चारों व्यक्तियों के शव बाहर निकाले।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतकों में से तीन पास के वकला गांव के रहने वाले थे जबकि एक व्यक्ति कांजा गांव का निवासी था।
निरीक्षक वलवी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


