गुजरात : नीट-यूजी पुनर्परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियों में जुटे अधिकारी

Ads

गुजरात : नीट-यूजी पुनर्परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियों में जुटे अधिकारी

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 12:59 AM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 12:59 AM IST

अहमदाबाद, 20 जून (भाषा) गुजरात में अधिकारियों ने रविवार को होने वाली नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए निगरानी उपाय लागू किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में सुरक्षा इंतजामों के तहत ड्रोन और त्वरित प्रतिक्रिया दल को तैनात किया जाएगा।

अहमदाबाद पुलिस नियंत्रण कक्ष की पुलिस उपायुक्त रीमा मुंशी ने कहा, ‘‘पुलिस शहर भर के 23 परीक्षा केंद्रों पर नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है, जहां लगभग 10,445 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और छात्रों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए छह डीसीपी, 15 पुलिस थानों के कर्मियों और 14 पुलिस थानों के यातायातकर्मियों को तैनात किया गया है।

रीमा मुंशी ने कहा कि परीक्षा की पूरी अवधि के दौरान सभी थानों के प्रभारी और उनकी टीमें ड्यूटी पर रहेंगी।

राज्य की राजधानी गांधीनगर में पांच परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

वडोदरा पुलिस और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

वडोदरा के पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कुमार ने कहा, ‘‘परीक्षा से पहले, शहर भर के 17 परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल की गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों, एनटीए अधिकारियों और अन्य संबंधित एजेंसियों ने हिस्सा लिया।’’

पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) मकरंद चौहान ने कहा कि राज्य का ‘साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ यह सुनिश्चित करने के लिए निगरानी करेगा कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया मंचों या अन्य मैसेजिंग ऐप पर कोई भ्रामक जानकारी या अफवाह न फैले।

भाषा शफीक अविनाश

अविनाश