इस्लामाबाद, 21 जून (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर अमेरिका तथा ईरान के बीच तकनीकी स्तर की वार्ता में भाग लेने के लिए रविवार तड़के स्विट्जरलैंड रवाना हुए।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद आगे की प्रक्रिया के तहत रविवार को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में तकनीकी स्तर की वार्ता होगी।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने आधी रात के बाद जारी एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद से स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गए हैं।’’
बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर इस वार्ता में भाग लेंगे।
इस वार्ता का उद्देश्य अमेरिका और ईरान के बीच लगभग चार महीने से जारी युद्ध को रोकने के लिए हुए प्रारंभिक समझौते के प्रमुख ब्योरे तय करना है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने प्रारंभिक समझौते पर इस सप्ताह की शुरुआत में हस्ताक्षर किए थे।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस को पहले शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के छोटे से गांव ओबबर्गेन में पहाड़ पर स्थित एक रिसॉर्ट में ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहले दौर की वार्ता करनी थी लेकिन लेबनान में इजराइल और ईरान समर्थित हिजबुल्ला के बीच संघर्ष तेज होने के कारण ईरानी अधिकारियों ने इसमें शामिल होने की अपनी योजना रद्द कर दी थी।
अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, अमेरिका और कतर के वार्ताकारों ने ईरान के सहयोग से इजराइल और हिजबुल्ला के बीच एक ऐसा समझौता कराने में सफलता हासिल की जिससे जारी सैन्य झड़पों और तनाव को कम किया जा सके।
इसके बाद ईरान के सरकारी मीडिया ने शनिवार को घोषणा की कि उसके शीर्ष अधिकारी स्विट्जरलैंड जाएंगे।
वेंस रविवार को इस वार्ता में शामिल होने के लिये स्विट्जरलैंड पहुंचे। शनिवार को वेंस जब अमेरिका से रवाना हुये थे, लगभग उसी समय ईरान के सरकारी टेलीविजन ने वहां ईरानी वार्ताकारों के पहुंचने का एक वीडियो प्रसारित किया।
ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के अलावा केंद्रीय बैंक एवं तेल क्षेत्र के अधिकारी भी शामिल हैं।
भाषा
सिम्मी रंजन
रंजन