गुजरात पुलिस ने दो सप्ताह में साइबर अपराध जागरूकता के 5,289 कार्यक्रम आयोजित किए
गुजरात पुलिस ने दो सप्ताह में साइबर अपराध जागरूकता के 5,289 कार्यक्रम आयोजित किए
गांधीनगर, 21 जुलाई (भाषा) गुजरात पुलिस ने ऑनलाइन मंचों पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने ‘ऑपरेशन सुरक्षित साइबरस्पेस’ अभियान के तहत राज्यभर में 5,289 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, एक जुलाई को शुरू हुआ यह अभियान 28 जुलाई तक चलेगा।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया, ‘ऑपरेशन सुरक्षित साइबरस्पेस के पहले दो सप्ताह में गुजरात पुलिस की ‘शी-टीम’ और साइबर प्रकोष्ठ ने 5,289 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं।’
इनमें शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण सत्रों के अलावा अभिभावकों और कॉलेज के छात्रों के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम शामिल थे। पुलिस ने पहले सप्ताह में 109 साइबर रैलियां भी आयोजित कीं।
विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दूसरे सप्ताह में साइबर अपराध की रोकथाम और ऑनलाइन सुरक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
इस दौरान डिजिटल मंचों के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने, डिजिटल धोखाधड़ी और साइबर स्टॉकिंग (डिजिटल मंचों के जरिए किसी पर नजर रखना) की रोकथाम तथा ‘डीपफेक’ और ‘सेक्सटॉर्शन’ के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए।
डिजिटल सेक्सटॉर्शन वह साइबर अपराध है, जिसमें किसी व्यक्ति की निजी या अंतरंग फोटो, वीडियो या ऑनलाइन बातचीत का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल करने और उससे जबरन वसूली की जाती है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी अपराध एवं महिला प्रकोष्ठ) अजय चौधरी ने कहा, ‘डिजिटल युग में महिलाओं और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘ऑपरेशन सुरक्षित साइबरस्पेस’ के माध्यम से गुजरात पुलिस ‘डीपफेक’ और ‘सेक्सटॉर्शन’ जैसे साइबर खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार कर रही है।’
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


