गुजरात पुलिस ने पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाया

गुजरात पुलिस ने पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाया

गुजरात पुलिस ने पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाया
Modified Date: August 4, 2026 / 05:54 pm IST
Published Date: August 4, 2026 5:54 pm IST

अहमदाबाद, चार अगस्त (भाषा) गुजरात पुलिस ने मंगलवार को राज्य में पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाया जिसके तहत आवेदकों को सत्यापन के लिए अब पुलिस थाना नहीं जाना होगा। अब पुलिस जांच केवल नागरिकता तथा आपराधिक रिकॉर्ड तक सीमित रहेगी।

राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी. एस. मलिक ने इस संबंध में निर्देश जारी किए।

राज्य सरकार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इन निर्देशों का उद्देश्य पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और नागरिकों के अनुकूल बनाना तथा अनावश्यक असुविधा को कम करना है।

संशोधित प्रक्रिया के अनुसार, पासपोर्ट आवेदकों को अब सत्यापन के लिए व्यक्तिगत रूप से पुलिस थाने में उपस्थित नहीं होना पड़ेगा। पुलिस केवल आवेदक की नागरिकता और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच करेगी।

पुलिस को आवेदक के आवासीय पते का अलग से सत्यापन नहीं करने के भी निर्देश दिए गए हैं। सत्यापन के दौरान अधिकारियों को आवेदक से व्यक्तिगत रूप से मिलने या उसके हस्ताक्षर लेने की भी आवश्यकता नहीं होगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, केवल असाधारण परिस्थितियों में, यदि किसी मामले में संदेह हो या अतिरिक्त जांच की आवश्यकता महसूस हो, तभी पुलिसकर्मी आवेदक के घर जा सकेंगे। ऐसे मामलों में भी आवेदक को पुलिस थाने नहीं बुलाया जाएगा।

डीजीपी मलिक ने सभी पुलिस अधिकारियों को संशोधित निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से भी इस सरल प्रक्रिया की जानकारी रखने और अनावश्यक औपचारिकताओं से बचने की अपील की।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में