गुजरात: ग्राहकों के लॉकर से 2.6 करोड़ रुपये के कीमती सामान चुराने के आरोप में तीन गिरफ्तार

गुजरात: ग्राहकों के लॉकर से 2.6 करोड़ रुपये के कीमती सामान चुराने के आरोप में तीन गिरफ्तार

गुजरात: ग्राहकों के लॉकर से 2.6 करोड़ रुपये के कीमती सामान चुराने के आरोप में तीन गिरफ्तार
Modified Date: July 28, 2026 / 06:46 pm IST
Published Date: July 28, 2026 6:46 pm IST

सूरत, 28 जुलाई (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में ‘सेफ डिपॉजिट वॉल्ट’ सेवा चलाने वाले एक परिवार के तीन सदस्यों को कथित तौर पर ग्राहकों के लॉकर तोड़कर उनसे करीब 2.67 करोड़ रुपये मूल्य का सोना चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि शेयर बाजार में भारी नुकसान होने के बाद उन्होंने इस कृत्य को अंजाम दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त राघव जैन ने बताया कि तीनों आरोपियों ने एक स्थानीय चाबी बनाने वाले के साथ मिलकर साजिश रची और पिछले एक वर्ष के दौरान सिंगणपुर स्थित अपने सेफ्टी वॉल्ट केंद्र में छह लॉकरों से 207 तोला सोना धीरे-धीरे चोरी कर लिया।

सिंगणपुर पुलिस ने नक्षत्र सेफ हाउस के मालिक महेश देवड़ा, उनके बेटों हर्ष और हरिकृष्ण तथा उनके सहयोगी मणिलाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मणिलाल फिलहाल फरार है।

जैन ने संवाददाताओं से कहा, ‘जब हमने शिकायत की जांच की, तो पता चला कि पांच अन्य ग्राहकों के कीमती सामान भी चोरी किए गए थे। अब तक की जांच में सामने आया है कि छह लॉकरों से करीब 207 तोला सोने के आभूषण की चोरी की गई, जिनकी कीमत लगभग 2.67 करोड़ रुपये है।’

प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि आरोपी करीब एक साल से इस चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता रमेश वघानी, जो 50 वर्षीय निर्माण कारोबारी हैं, ने वर्ष 2020 में अपनी पत्नी के नाम पर 1,700 रुपये प्रति माह के किराये पर एक लॉकर लिया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि लॉकर से 85.8 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण गायब हो गए।

जैन ने बताया कि आरोपियों के पास से 15 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोप है कि उन्होंने चोरी किए गए सोने को एक स्थानीय जौहरी को बेच दिया था।

उन्होंने कहा, ‘हम चोरी की गई संपत्ति को अधिक से अधिक बरामद करने का प्रयास कर रहे हैं। जांच जारी रहेगी।’

उन्होंने बताया कि नक्षत्र सेफ हाउस की सूरत में चार शाखाएं हैं और प्रत्येक शाखा में करीब 600 से 700 लॉकर हैं। उन्होंने कहा कि अब तक अन्य शाखाओं के ग्राहकों की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में