गुजरात : बनासकांठा में राज्य परिवहन निगम की बस और ऑटो की भिड़ंत, तीन लोगों की मौत

Ads

गुजरात : बनासकांठा में राज्य परिवहन निगम की बस और ऑटो की भिड़ंत, तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 06:05 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 06:05 PM IST

पालनपुर (गुजरात), 29 जुलाई (भाषा) बनासकांठा जिले के खरोदिया गांव के पास एक ऑटोरिक्शा और गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) की बस की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

तालुका पुलिस निरीक्षक एचबी धांधलिया ने कहा कि यह दुर्घटना पालनपुर तालुका में एक लेन वाली सड़क पर हुई जब वडगाम से आ रहा ऑटोरिक्शा, खेरालू डिपो से लौट रही जीएसआरटीसी बस से टकरा गया।

धांधलिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ऑटोरिक्शा में यात्रा कर रहे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य सह-यात्री घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’

मृतकों की पहचान लक्ष्मण परमार (20), गल्बीबेन श्रीमाली (62) और कंकुबेन श्रीमाली (60) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया, ऐसा प्रतीत होता है कि दुर्घटना तब हुई जब बस ने दूसरे वाहन से आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन सही कारण जांच के बाद ही पता चलेगा।’’

उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण ऑटोरिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है ।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश