गिर सोमनाथ, 30 सितंबर (भाषा) गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में बुधवार को गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) की एक बस ट्रक से टकरा गई, जिससे इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी और 16 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपनिरीक्षक वी एन मोरवडिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हादसा सुबह करीब सात बजे गिर गढाडा तालुक के बेदिया गांव के पास हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘जीएसआरटीसी की बस ट्रक से आमने-सामने टकरा गई। ट्रक में सवार दो लोगों, जिनमें चालक भी शामिल था, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बस चालक की हालत गंभीर है।’’
एक अधिकारी ने बताया कि घायलों में बस के यात्री और ट्रक में सवार लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जीएसआरटीसी की बस अमरेली जिले के खांभा से गिर सोमनाथ के ऊना की ओर जा रही थी, जबकि कपास से लदा ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था।
पुलिस की एक टीम सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
भाषा तान्या अविनाश रंजन
रंजन