गुरुग्राम पुलिस ने क्रिकेट-सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ किया, तीन सट्टेबाज गिरफ्तार

Ads

गुरुग्राम पुलिस ने क्रिकेट-सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ किया, तीन सट्टेबाज गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 09:08 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 09:08 PM IST

गुरुग्राम, छह मार्च (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने भारत और इंग्लैंड के बीच बृहस्पतिवार को मुंबई में खेले गए टी20 विश्व कप सेमीफाइनल मैच पर सट्टा लगाने के आरोप में तीन सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों की पहचान राहुल, अमित और पारस के रूप में हुई है, ये सभी स्थानीय निवासी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, खेड़की दौला पुलिस थाने की एक टीम ने बृहस्पतिवार रात सेक्टर 81 में अंसल हाइट्स सोसायटी के एक फ्लैट पर छापा मारा, जहां आरोपी भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे सेमीफाइनल मैच पर सट्टा लगाते पाए गए।

पुलिस ने उनके कब्जे से 11 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, एक टैबलेट कंप्यूटर और एक मोबाइल चार्जर भी जब्त किया।

पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत