गुरुग्राम, छह सितंबर (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर 37 में रविवार को कार्यस्थल पर 25 वर्षीय एक महिला की उसके सहकर्मी ने कथित तौर पर कैंची से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल शिवानी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी असलम (30) को हिरासत में लिया है।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के जलालपुर गांव की रहने वाली शिवानी सेक्टर 37 इलाके में ‘पेइंग गेस्ट आवास’ में रहती थी। वह और असलम इसी सेक्टर के औद्योगिक क्षेत्र में कार सीट कवर बनाने वाली कंपनी एनडीआर में काम करते थे।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को काम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान शिवानी ने असलम को थप्पड़ मार दिया।
पुलिस ने बताया कि गुस्से में असलम ने कैंची से शिवानी की गर्दन पर वार कर दिया जिसके बाद वह लहुलहूान होकर जमीन पर गिर गई।
पुलिस ने बताया कि शिवानी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश