गुरुग्राम में पीजी आवास में पंखे से लटका मिला युवती का शव, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

गुरुग्राम में पीजी आवास में पंखे से लटका मिला युवती का शव, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

गुरुग्राम में पीजी आवास में पंखे से लटका मिला युवती का शव, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप
Modified Date: September 26, 2026 / 09:01 pm IST
Published Date: September 26, 2026 9:01 pm IST

गुरुग्राम, 26 सितंबर (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम के इस्लामपुर गांव में एक पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास में 22-वर्षीय युवती का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, युवती की मां ने आरोप लगाया है कि पीड़िता के ‘लिव-इन पार्टनर’ ने उसकी (युवती की) हत्या की है।

मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा जिले के जलालपुर गांव की रहने वाली तनीषा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, तनीषा एटा जिले के ही रहने वाले चेतन शर्मा के साथ ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ में थी, दोनों कई साल से दोस्त थे और सेक्टर 38 स्थित पीजी में साथ रह रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शर्मा ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में काम करता है और शुक्रवार अपराह्न काम पर गया था।

पुलिस ने कहा कि उसने बताया कि तनीषा ने दोपहर में उसे फोन किया था, लेकिन व्यस्त होने के कारण वह फोन नहीं उठा सका।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शर्मा के अनुसार, जब उसने बाद में तनीषा को वापस फोन किया, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया।

अधिकारी के अनुसार, बार-बार फोन करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो शर्मा ने अपने पड़ोसी अनुज से उसके बारे में पता करने को कहा।

उन्होंने कहा कि अनुज ने जब कथित तौर पर खिड़की से देखा तो तनीषा का शव पंखे से लटका हुआ था।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर तनीषा के परिवार के सदस्य वहां पहुंचे और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें शर्मा पर उसकी हत्या करने और शव पंखे से लटकाने का आरोप लगाया गया।

अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।

अधिकारी ने कहा, “परिजन की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत कार्रवाई की जाएगी। हम मामले की गहन जांच कर रहे हैं।”

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में