गुरुवयूर में हाथियों और मवेशियों के इलाज के लिए जल्द बन सकता है कई विशेषज्ञताओं वाला अस्पताल

Ads

गुरुवयूर में हाथियों और मवेशियों के इलाज के लिए जल्द बन सकता है कई विशेषज्ञताओं वाला अस्पताल

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 01:20 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 01:20 PM IST

त्रिशूर (केरल), 21 अप्रैल (भाषा) केरल की प्रसिद्ध तीर्थनगरी गुरुवयूर में हाथियों और मवेशियों की देखभाल व उपचार के लिए जल्द ही एक बहु-विशेषज्ञता वाला पशु अस्पताल खुल सकता है। यह अस्पताल गुरुवयूर देवस्वओम बोर्ड के तहत संचालित होगा, जो यहां विख्यात श्री कृष्ण मंदिर का प्रबंधन करता है।

बोर्ड ने मंगलवार को फेसबुक पर एक पोस्ट में बताया कि ‘वनतारा’ की एक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ टीम ने गुरुवयूर का दौरा किया। टीम का उद्देश्य आधुनिक सुविधाओं से युक्त अत्याधुनिक पशु अस्पताल स्थापित करने की संभावना का आकलन करना था।

गुजरात के जामनगर जिले में स्थित वनतारा ‘रिलायंस फाउंडेशन’ द्वारा स्थापित एक वैश्विक स्तर की पशु बचाव, देखभाल और पुनर्वास पहल है।

टीम ने गुरुवयूर मंदिर के प्रसिद्ध हाथी शिविर ‘पुन्नाथुर कोट्टा’ का निरीक्षण किया और मौजूदा सुविधाओं के साथ-साथ बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएं विकसित करने की संभावनाओं का मूल्यांकन किया।

यह दौरा अनंत अंबानी की हाल की गुरुवयूर यात्रा और देवस्वओम अधिकारियों के साथ उनकी बातचीत के बाद हुआ।

बोर्ड के अनुसार, विशेषज्ञ टीम ने संकेत दिया है कि पुन्नाथुर कोट्टा के समग्र विकास के तहत विस्तृत योजना और तकनीकी विचार-विमर्श के बाद ही हाथियों के लिए बहु-विशेषज्ञता वाला पशु अस्पताल की स्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी।

टीम ने पुन्नाथुर कोट्टा में हाथियों की स्वास्थ्य देखभाल और प्रबंधन के मौजूदा मानकों की सराहना की।

भाषा प्रचेता मनीषा वैभव

वैभव