(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 21 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान की नौसेना ने स्वदेशी रूप से विकसित जहाज-रोधी हथियार प्रणाली का सफल परीक्षण किया। सेना ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सेना के मुताबिक, ये प्रणाली लंबी दूरी से समुद्री खतरों को बेअसर कर सकती है।
सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने एक बयान में बताया कि हवा में दागी जाने वाली क्रूज मिसाइल तैमूर ‘सटीक हमले की क्षमता और अभियानगत तत्परता का एक सशक्त प्रदर्शन’ है।
बयान के मुताबिक, “हवा में दागी जाने वाली क्रूज मिसाइल ने असाधारण सटीकता के साथ अपने मिशन को अंजाम दिया, जिससे लंबी दूरी से दुश्मन के समुद्री खतरों का पता लगाने, उन्हें निशाना बनाने और निर्णायक रूप से बेअसर करने की पाकिस्तान नौसेना की युद्धक क्षमता प्रमाणित हुई।”
बयान में बताया गया कि यह सफलता राष्ट्रीय रक्षा क्षमता में एक महत्वपूर्ण वृद्धि का प्रतीक है, जिससे पाकिस्तान सशस्त्र बलों की बहुआयामी समन्वित आक्रमण क्षमता और पारंपरिक क्षेत्र में उनकी क्षमताओं को अधिक मजबूती मिलती है।
बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, रक्षा बलों के प्रमुख और सेना प्रमुख आसिम मुनीर और अन्य सेना प्रमुखों ने वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश