दिल्ली में पार्किंग विवाद को लेकर व्यापारी की हत्या के आरोप में दो और गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में पार्किंग विवाद को लेकर व्यापारी की हत्या के आरोप में दो और गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 07:25 PM IST

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पार्किंग विवाद को लेकर 34 वर्षीय कपड़ा व्यापारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी के सौतेले बेटे सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में टोयोटा फॉर्च्यूनर और बीएमडब्ल्यू को आवासीय भवन के बाहर पार्क करने को लेकर हुए तीखे विवाद के बाद रविवार देर रात पंकज नैयर की कथित तौर पर उनके किराएदार ने गोली मारकर हत्या कर दी।

प्रीत विहार निवासी गौरव शर्मा (42) को घटना के कुछ घंटों के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसपर ही गोली चलाने का आरोप है।

पुलिस ने बताया कि टीम ने मंगलवार सुबह उसके साथियों सुनील शर्मा (41) और उसके सौतेले बेटे सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच जारी है।

पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने कहा, “टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया, तकनीकी निगरानी की और मौके पर पूछताछ की। फरार संदिग्धों की पहचान करने के लिए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई।”

पुलिस को रविवार देर रात करीब 2:22 और 2:26 बजे झगड़े और गोलीबारी के संबंध में दो बार सूचना दी गई।

यह विवाद पंकज और पारस नैयर नामक दो भाइयों और गौरव और उसके साथियों के बीच हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि गौरव ने कथित तौर पर कई गोलियां चला दीं। एक गोली पंकज की छाती में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि उसे निर्माण विहार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पारस को भी मामूली चोटें आईं और उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद गौरव अपने साथियों सुनील और सौतेले बेटे के साथ मौके से फरार हो गया। बाद में गौरव को मॉडल टाउन से गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि विवाद पार्किंग व्यवस्था को लेकर चल रहा था।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप