बेंगलुरु, 13 अप्रैल (भाषा) बेंगलुरु शहर के बाहरी इलाके नेलमंगला में 27 वर्षीय एक जिम ट्रेनर ने अपने घर पर कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिम ट्रेनर के परिवार ने एक विवाहित महिला द्वारा उसे ब्लैकमेल और परेशान किये जाने का आरोप लगाया है। यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी।
पुलिस ने बताया कि जिम ट्रेनर की पहचान दिलीप के रूप में हुई है, जो एक बॉडीबिल्डर था और उसने कई प्रतियोगिताएं जीती थीं। वह एक जिम में फिटनेस ट्रेनर के रूप में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात को घटी और तब सामने आई जब महिला ने दिलीप की बहन को एक संदेश भेजकर जिम ट्रेनर द्वारा उक्त कदम उठाने के निर्णय के बारे में बताया।
इसके बाद परिवार के सदस्यों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और उसे छत के पंखे से लटका हुआ पाया।
पुलिस ने बताया कि दिलीप की लगभग दो साल पहले जिम में 42 वर्षीय एक विवाहित महिला से दोस्ती हो गई थी, जहां वह फिटनेस ट्रेनिंग के लिए आती थी। पुलिस ने बताया कि इस दौरान दोनों में दोस्ती हो गई और बाद में उनका रिश्ता व्यक्तिगत संबंधों में बदल गया।
पुलिस के मुताबिक, यह कदम उठाने से पहले दिलीप ने महिला को कथित तौर पर वीडियो कॉल किया और उसे अपने फैसले के बारे में बताया।
दिलीप के परिवार का आरोप है कि महिला उसे पैसों और संपत्ति के लिए ब्लैकमेल कर रही थी। दिलीप के परिवार ने बताया कि उनके बीच नजदीकी के बाद मामला पहले पुलिस के पास गया था और महिला के पति की मौजूदगी में आपसी सहमति से सुलझा लिया गया था, लेकिन उत्पीड़न कथित तौर पर जारी रहा।
परिवार ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि उत्पीड़न के कारण ही व्यक्ति की मौत हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि नेलमंगला टाउन पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की छानबीन कर रही है।
भाषा अमित वैभव
वैभव