दिल्ली में ओलावृष्टि और बारिश से तापमान में गिरावट आई

दिल्ली में ओलावृष्टि और बारिश से तापमान में गिरावट आई

दिल्ली में ओलावृष्टि और बारिश से तापमान में गिरावट आई
Modified Date: May 5, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: May 5, 2026 9:20 pm IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के दौर के बाद मंगलवार को कई हिस्सों में ओलावृष्टि और आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में तेज गिरावट आई और शहर की हवा इस साल की सबसे साफ दर्ज की गई।

द्वारका और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित कई इलाकों में ओले गिरे, जिससे लोग चौंक गए। हालांकि इससे गर्मी से राहत मिली। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्युआई) लगातार दूसरे दिन ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहा।

दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच पालम में 9.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि आया नगर में 1.4 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग में केवल हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड और रिज क्षेत्र में इस अवधि के दौरान बारिश नहीं हुई।

सुबह साढ़े आठ बजे तक के आंकड़ों में रिज में 11.9 मिमी, लोधी रोड में 6.1 मिमी और सफदरजंग में 4.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पालम में हल्की और आया नगर में बारिश नहीं हुई।

शहर में ‘येलो अलर्ट’ जारी है, मौसम विभाग ने रात के दौरान कुछ इलाकों में बारिश और गरज के साथ तूफान आने की भविष्यवाणी की है।

अधिकतम तापमान सभी प्रमुख केंद्रों पर सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। सफदरजंग में 33.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.7 डिग्री कम), पालम में 32.8 डिग्री (7.3 डिग्री कम), लोधी रोड में 32.2 डिग्री (5.8 डिग्री कम), रिज में 32.8 डिग्री (7.2 डिग्री कम) और आया नगर में 32.8 डिग्री (8 डिग्री कम) तापमान दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम रहा। सफदरजंग में 19.6 डिग्री (5.1 डिग्री कम), पालम में 21.1 डिग्री (4.5 डिग्री कम), लोधी रोड में 18.6 डिग्री (4.4 डिग्री कम), रिज में 17.7 डिग्री (7.3 डिग्री कम) और आया नगर में 22.4 डिग्री (1.2 डिग्री कम) दर्ज किया गया।

स्काइमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि हाल के दिनों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे आज रात हल्की बारिश हो सकती है और अगले एक सप्ताह तक लू चलने की आशंका कम है।

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर का एक्युआई 86 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है और मई महीने में पिछले तीन वर्षों का सबसे साफ दिन रहा।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में