मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत, पांच अन्य की हालत गंभीर

मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत, पांच अन्य की हालत गंभीर

मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत, पांच अन्य की हालत गंभीर
Modified Date: September 6, 2026 / 11:19 am IST
Published Date: September 6, 2026 11:19 am IST

सागर (मध्यप्रदेश), छह सितंबर (भाषा) सागर जिले की बंडा तहसील के चार गांवों में जहरीली शराब पीने से शनिवार-रविवार की दरमियानी रात नौ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य की हालत गंभीर है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंदसौर में ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब के सेवन से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है। अभी मेरी पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात हुई है। करीब नौ लोगों की मौत हुई है। कुछ लोगों को अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि आबकारी आयुक्त सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी बंडा में मौजूद हैं और घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

देवड़ा ने कहा, ‘‘दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो।’’

इससे पहले, सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) देवेश पटेरिया ने कहा कि जहरीली शराब पीने से नौ से 10 लोगों की मौत हुई है।

उन्होंने बताया कि पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सागर जिला अस्पताल भेजा गया है।

हालांकि, सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने संवाददाताओं से कहा कि यह जरूरी नहीं है कि मौतें जहरीली शराब के सेवन के कारण ही हुई हों।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग बीमार पड़े हैं और कुछ मौतें भी हुई हैं। सिविल अस्पताल में उनकी जांच की जा रही है। नौराज और घूघर समेत आसपास के चिह्नित इलाकों में चिकित्सकों और अधिकारियों की जांच दल तैनात किए गए हैं।’’

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति को यदि किसी तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो वह तुरंत चिकित्सक से जांच कराए।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन ऐसे सभी मामलों पर नजर रख रहा है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।’’

बंडा के पूर्व विधायक तरवर लोधी ने दावा किया कि जहरीली शराब पीने के कारण नौ लोगों की मौत हुई है।

उन्होंने कहा कि बंडा विकासखंड के बराज, घूघर, नौराज और आसपास के गांवों में रहने वाले कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

उन्होंने बताया कि परिजन उन्हें इलाज के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि चार-पांच लोगों को सागर भेजा गया है।

लोधी ने लोगों से अपील की कि जिन लोगों ने पिछले दो-तीन दिन में बंडा क्षेत्र की किसी दुकान या अवैध रूप से शराब बेचने वालों से शराब खरीदकर पी है और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी थोड़ी भी परेशानी महसूस हो रही है, वे तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से जांच कराएं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस का दल मौके पर मौजूद है।

अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

इस बीच, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सागर में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।

पटवारी ने ग्वालियर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में ‘‘शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं।’’

उन्होंने मुख्यमंत्री से नशे के माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी

खारी


लेखक के बारे में