नयी दिल्ली/लखनऊ, दो अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार को हनुमान जन्मोत्सव कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जबकि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के शहरों में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
लखनऊ में अलीगंज के हनुमान मंदिर और हनुमान सेतु पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर समूचे वाराणसी में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान किये गए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रियों सहित कई नेताओं ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।
दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर थी क्योंकि कई हिंदू संगठनों ने हनुमान जन्मोत्सव मनाने के लिए उत्तम नगर और जहांगीरपुरी में शोभायात्राएं निकालीं। ये शोभायात्राएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों क्षेत्रों में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया था।
उत्तम नगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम चार मार्च को होली के दौरान जेजे कॉलोनी में पड़ोसियों के बीच झड़प के बाद 26 वर्षीय तरुण की हत्या की पृष्ठभूमि में किए गए थे।
यह हिंसा तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोस की एक महिला पर गिरने के बाद भड़की थी। इस मामले में दो नाबालिगों सहित सोलह लोगों को पकड़ा गया था।
इससे पहले एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने हनुमान जन्मोत्सव से पूर्व उत्तर-पश्चिम जिले में गहन फ्लैग मार्च और बाइक से गश्त भी किया था।
अधिकारियों ने बताया कि जहांगीरपुरी में उत्सव से पहले सांप्रदायिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए एक ‘अमन समिति’ की बैठक आयोजित की गई थी। यह कदम 2022 में इसी क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा को देखते हुए उठाया गया था, जिसमें पथराव और आगजनी की घटनाओं में पुलिस कर्मियों सहित कई लोग घायल हुए थे।
लखनऊ में, अलीगंज और हनुमान सेतु के मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। वाराणसी में, पूरे शहर में विशेष पूजा और अनुष्ठान किए गए।
प्रसिद्ध संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत विश्वंभर नाथ मिश्र ने मंदिर में 10 दिवसीय उत्सव की घोषणा की।
चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर हनुमान जी को समर्पित विशेष श्रृंगार, झांकी, आरती और अनुष्ठान किए गए।
उन्होंने बताया कि संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में रात भर भजन-कीर्तन जारी रहेगा और तीन से पांच अप्रैल तक रामायण सम्मेलन निर्धारित है, जहां काशी और अन्य क्षेत्रों के प्रसिद्ध विद्वान प्रतिदिन शाम पांच बजे प्रवचन देंगे।
शहर के भिखारीपुर क्षेत्र के श्रद्धालुओं द्वारा एक विशाल ‘ध्वज यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सात राज्यों की झांकियां और आयोजन के लिए तैयार किए गए लगभग एक लाख झंडे शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कई भक्त नंगे पैर चलकर झंडे लेकर संकट मोचन मंदिर पहुंचेंगे और उन्हें भगवान हनुमान को अर्पित करेंगे।
अयोध्या में, लगभग दो लाख श्रद्धालु ‘दर्शन’ और पूजा के लिए कतारों में खड़े हुए, जहां कतारें राम मंदिर से लेकर हनुमानगढ़ी तक लगी हुई थीं। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे, जिसमें श्रद्धालुओं के सुगम और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग शामिल थी।
कई नेताओं ने इस हनुमान जयंती पर भक्तों को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पवित्र अवसर हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा और जीवंतता लेकर आए।’
उन्होंने लिखा, ‘मेरी सच्ची कामना है कि पवनपुत्र हनुमान सभी को शक्ति, बुद्धि और ज्ञान का भरपूर आशीर्वाद दें, जिससे राष्ट्र की क्षमताओं में और वृद्धि हो। जय बजरंगबली!’
एक अन्य पोस्ट में मोदी ने कहा कि भगवान हनुमान ‘भक्ति, शक्ति और अटूट समर्पण के अद्वितीय प्रतीक’ हैं। उन्होंने कहा, ‘महाबली की कृपा सभी भक्तों में साहस और सकारात्मकता का संचार करे।’
गृह मंत्री अमित शाह ने भगवान हनुमान से देशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! भगवान श्री राम के अनन्य भक्त और वीरता, भक्ति एवं सेवा के प्रतीक भगवान बजरंगबली सभी देशवासियों के कष्टों को दूर करें और उन्हें सुख, शांति एवं समृद्धि प्रदान करें। जय श्री राम!’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘प्रभु श्री राम के अनन्य भक्त, संकटमोचन श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव ‘श्री हनुमान जयंती’ के पावन पर्व की समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। पवनपुत्र श्री हनुमान जी से प्रार्थना है कि सभी के जीवन से संकट को दूर कर सुख, शांति, बल, बुद्धि और आरोग्य का संचार करें।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली के हर परिवार की सुख, शांति और समृद्धि के लिए’ करोल बाग स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘हनुमान जी की भगवान श्री राम के प्रति अटूट भक्ति, निस्वार्थ सेवा और अद्वितीय वीरता सनातन जीवन मूल्यों के सर्वोच्च आदर्श हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि जब हृदय में राम का स्मरण वास करता है, तो हर संकट अपने आप दूर हो जाता है।’
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने लोगों को हनुमान जन्मोत्सव की बधाई देते हुए भगवान हनुमान को भगवान राम का परम भक्त और अपार शक्ति, बुद्धि एवं साहस का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि भक्तों का विश्वास है कि भगवान हनुमान की पूजा करने से डर दूर होता है, साहस और अच्छा स्वास्थ्य मिलता है और कठिनाइयां कम होती हैं। उन्होंने कामना की कि भगवान जीवन को प्रकाश से भर दें।
भारतीय सिनेमा के इतिहास की सर्वाधिक महत्वकांक्षी परियोजनाओं में से एक फिल्म ‘रामायण’ से बृहस्पतिवार को पर्दा उठाते हुए भगवान राम के रूप में अभिनेता रणबीर कपूर की पहली झलक पेश की गई।
नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित इस फिल्म का हनुमान जयंती के अवसर पर ‘राम’ शीर्षक से दो मिनट 38 सेकेंड का एक ‘टीजर’ जारी किया गया जिसमें दर्शकों के समक्ष भगवान राम की दुनिया की पहली झलक प्रस्तुत की गई है।
भाषा नोमान नोमान अमित
अमित