चंडीगढ़, 22 मई (भाषा) सोनीपत स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में क्रिकेट कोचिंग में स्नातकोत्तर डिप्लोमा कर रहे 28 वर्षीय एक छात्र की कथित तौर पर स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
‘‘अच्छा तैराक’’ बताया जाने वाला निशांत गौतम बृहस्पतिवार शाम विश्वविद्यालय के स्विमिंग पूल में डूब गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें सूचना मिली कि डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, परिजनों ने कहा है कि उसकी मौत संदिग्ध है और मामले की गहन जांच की जानी चाहिए।’’
पुलिस ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है और स्विमिंग पूल पर किए गए सुरक्षा इंतजामों की जांच जारी है, तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद स्विमिंग पूल क्षेत्र को सील कर दिया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल