फरीदाबाद, 22 मई (भाषा) फरीदाबाद के गाजीपुर इलाके में बृहस्पतिवार देर रात एक गोदाम में सो रहे एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इस संबंध में डबुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान योगेश कुमार (31) के रूप में हुई है और वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था तथा गोदाम के ठेकेदार के रूप में काम करता था।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि योगेश बृहस्पतिवार रात करीब 11:00 बजे बिहार के कुछ मजदूरों के साथ गोदाम में पहुंचा था।
पुलिस ने बताया कि योगेश गोदाम परिसर के अंदर एक चारपाई पर सो रहा था।
पुलिस के अनुसार, योगेश को अज्ञात व्यक्तियों ने रात दो से तीन बजे के बीच सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी अस्पताल के शवगृह में भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा
शुभम गोला
गोला