हरियाणा के सरकारी चिकित्सकों ने की दो घंटे की हड़ताल

हरियाणा के सरकारी चिकित्सकों ने की दो घंटे की हड़ताल

हरियाणा के सरकारी चिकित्सकों ने की दो घंटे की हड़ताल
Modified Date: July 15, 2024 / 08:51 pm IST
Published Date: July 15, 2024 8:51 pm IST

चंडीगढ़, 15 जुलाई (भाषा) हरियाणा में सरकारी चिकित्सकों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को दो घंटे की हड़ताल की। उनकी मांगों में चिकित्सकों के लिए विशेषज्ञ कैडर का गठन और केंद्र सरकार के चिकित्सकों के साथ समानता सुनिश्चित करना शामिल है।

हड़ताल के कारण राज्य भर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाएं प्रभावित हुईं।

‘हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएस)’ के आह्वान पर सुबह नौ बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक डॉक्टरों की हड़ताल रही।

हरियाणा में सरकारी चिकित्सकों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था एचसीएमएस की मांग है कि चिकित्सकों के लिए विशेषज्ञ ‘कैडर’ का गठन हो, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों (एसएमओ) की सीधी भर्ती न हो, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए बांड राशि में कमी हो और केंद्र सरकार के चिकित्सकों के साथ समानता से एक गतिशील और आश्वासित करियर प्रगति योजना हो।

एचसीएमएस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश ख्यालिया ने बताया कि उन्होंने दो घंटे ओपीडी बंद करने के बारे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और सरकार को सूचित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि छह माह पहले राज्य के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री ने मांगों पर सहमति जताई थी, लेकिन मामला अभी तक लंबित है।

भाषा योगेश माधव

माधव


लेखक के बारे में