हरियाणा: शाहबाद में प्रदर्शन कर रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
हरियाणा: शाहबाद में प्रदर्शन कर रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
शाहबाद, 22 सितंबर (भाषा) हरियाणा पुलिस ने सरकारी खरीद केंद्रों पर धान की खरीद तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर मंगलवार को शाहबाद में दिल्ली-चंडीगढ़ जीटी रोड को अवरुद्ध करने वाले भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की और आंसू गैस के गोले छोड़े।
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।
हरियाणा में आमतौर पर धान की खरीद प्रक्रिया एक अक्टूबर से शुरू होती है। हालांकि, पिछले साल धान की खरीद 22 सितंबर को शुरू हो गई थी।
जीटी रोड के पास स्थित शहीद ऊधम सिंह स्मारक पर सैकड़ों किसान सुबह से ही इकट्ठे होने लगे। चढ़ूनी और कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के बीच स्थिति को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक बैठक हुई।
हालांकि, भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के नेताओं ने दावा किया कि बातचीत विफल रही और प्रदर्शनकारी किसान जीटी रोड की ओर बढ़ गए।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को राजमार्ग तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने अवरोधक लगाए। हालांकि, उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी अवरोधक तोड़कर जीटी रोड पर पहुंच गए और उसे अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पहले पानी की बौछार की। उन्होंने बताया कि जब किसानों ने वहां से हटने से इनकार कर दिया, तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
शाहबाद में किसानों का प्रदर्शन जारी रहने के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार को उनकी मांग मानते हुए धान की खरीद तत्काल शुरू करनी चाहिए।
पुलिस ने बाद में बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात बहाल कर दिया गया है।
किसानों ने इससे पहले हरियाणा सरकार से 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू करने की मांग की थी।
भाषा तान्या पारुल
पारुल

Facebook


