हरियाणाः लूट के आरोपी ने हिरासत से भागने का प्रयास किया, पुलिस ने दबोचा
हरियाणाः लूट के आरोपी ने हिरासत से भागने का प्रयास किया, पुलिस ने दबोचा
कुरुक्षेत्र (हरियाणा), तीन सितंबर (भाषा) लूट के एक मामले के आरोपी ने हरिद्वार से यहां लाए जाने के दौरान हिरासत से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दो लाख रुपये की लूट के मामले में आरोपी अभिषेक और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार देर रात तीनों को हरिद्वार से लाया जा रहा था, तभी यह घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि लाडवा रोड पर कदमी गांव के पास पहुंचने पर अभिषेक ने पेशाब करने की बात कही। दो पुलिसकर्मी उसे वाहन से बाहर लेकर गए, तभी उसने कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया और भागने की कोशिश की।
पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने उसके पैरों पर गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को जल्द ही काबू कर लिया गया।
तीनों आरोपियों को ठेकेदार और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के पूर्व सदस्य सतपाल सिंह रामगढ़िया से दो लाख रुपये लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
रामगढ़िया की शिकायत के अनुसार, वह मंगलवार शाम एक राजमिस्त्री को भुगतान करने के लिए दो लाख रुपये लेकर मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। गुहला-चीका मार्ग पर हुडा मैदान के पास पहुंचने पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवक उनके करीब आए और उन्हें धक्का देकर रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
रामगढ़िया और उनके एक परिचित ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे जंगल की ओर भाग गए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अगले दिन हरिद्वार से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


