हरियाणा के छात्रों ने सिक्किम के राज्यपाल से मुलाकात की

Ads

हरियाणा के छात्रों ने सिक्किम के राज्यपाल से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 06:08 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 06:08 PM IST

गंगटोक, 13 अप्रैल (भाषा) सिक्किम के एक सप्ताह के शैक्षणिक दौरे पर आए हरियाणा के एक विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रदेश के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से सोमवार को यहां मुलाकात की।

माथुर ने छात्रों को क्षेत्र की पारिस्थितिक समृद्धि और सतत प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

लोक भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के शिक्षक और छात्र भौगोलिक एवं पर्यावरणीय अध्ययन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के लिए सिक्किम का दौरा कर रहे हैं।

बयान के अनुसार, छात्रों ने राज्यपाल से सिक्किम की अनूठी भौगोलिक विशेषताओं, जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत से संबंधित प्रश्न पूछे।

माथुर ने विस्तार से उत्तर देते हुए राज्य की पारिस्थितिक समृद्धि के बारे में छात्रों को जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकप्रिय किए गए शब्द ‘अष्टलक्ष्मी’ के माध्यम से पूर्वोत्तर क्षेत्र का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने सिक्किम को भारत की सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा का प्रतीक बताया।

उन्होंने स्थानीय समुदायों के अपनी परंपराओं को संरक्षित करने के दृढ़ संकल्प और प्रकृति के प्रति उनके सम्मान पर प्रकाश डाला।

बयान में कहा गया है कि माथुर ने छात्रों से हरियाणा में भी इसी तरह के पर्यावरण-अनुकूल तौर-तरीके अपनाने का आग्रह किया और युवाओं को विकसित भारत का अग्रदूत बताया।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप