यमुनानगर, पांच मई (भाषा) हरियाणा के यमुनानगर में घरेलू विवाद के कारण पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी संतोष कुमार ने रविवार रात हरियाणा के शादीपुर गांव में अपने किराए के मकान में अपनी पत्नी नीलम की कथित तौर पर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि अपराध करने के बाद कुमार अपने दो नाबालिग बेटों (लगभग छह और चार वर्ष की आयु) के साथ करीब दो दिन तक भटकता रहा और कथित तौर पर उनकी हत्या के बाद आत्महत्या करने की योजना बना रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस दल ने आरोपी को समय रहते ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि महिला उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली थी। मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश