फरीदाबाद, दो अगस्त (भाषा) केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्वस्थ, सशक्त और जागरूक युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
मांडविया ने ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत के अवसर पर कहा कि यह अभियान युवाओं की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण के लिए संगठित करने वाला एक ऐतिहासिक जन आंदोलन है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे।
इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि केवल स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमृत काल के दौरान युवाओं को राष्ट्र निर्माण का सारथी बताया है।
उन्होंने कहा, “युवाओं की आकांक्षाओं, विचारों, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को दिशा देने के लिए स्थापित ‘माय भारत’ ने 2.24 करोड़ से अधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ा है।”
खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 2020 में नशा मुक्त भारत के लिए व्यक्त किए गए संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए ‘माय भारत’ युवा संगठन ने देशभर में आध्यात्मिक संगठनों, युवा संगठनों और नशा मुक्ति से जुड़े विशेषज्ञों के सहयोग से एक व्यापक कार्य योजना तैयार की।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत