हिमाचल में बृहस्पतिवार तक भारी बारिश का पूर्वानुमान, 360 सड़कें बंद

हिमाचल में बृहस्पतिवार तक भारी बारिश का पूर्वानुमान, 360 सड़कें बंद

हिमाचल में बृहस्पतिवार तक भारी बारिश का पूर्वानुमान, 360 सड़कें बंद
Modified Date: August 10, 2025 / 10:28 pm IST
Published Date: August 10, 2025 10:28 pm IST

शिमला, 10 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने सोमवार से बृहस्पतिवार तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।

राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रही और शनिवार रात से कांगड़ा में 68.4 मिमी बारिश हुई। इसके बाद मुरारी देवी में 52.6 मिमी, पालमपुर में 52 मिमी, सराहन में 25 मिमी, धर्मशाला में 23.2 मिमी, जुब्बारहट्टी में 17 मिमी, बाजुरा में 16 मिमी, पंडोह में 11.5 मिमी, कुफरी में 11.2 मिमी, बिलासपुर में 10.4 मिमी और कसौली में 10 मिमी बारिश हुई।

राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-305 का हिस्सा ऑट-सैंज रोड समेत 360 सड़कें बंद हैं। इनमें 212 सड़कें मंडी और 92 कुल्लू जिले में हैं।

इस वर्ष मानसून ऋतु में अब तक बारिश से संबंधित घटनाओं में 116 लोगों की मौत हुई है और 37 लोग लापता हैं। इसके अलावा, 132 पावर ट्रांसफार्मर और 520 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

राज्य में 20 जून को मॉनसून ने दस्तक दी थी और अब तक राज्य में 1,989 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान अचानक आई बाढ़ की 58 घटना, बादल फटने की 30 घटनाएं और भूस्खलन की 54 मामले दर्ज किए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से 10 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश में 507.3 मिमी वर्षा हुई है।

भाषा राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में