अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
ईटानगर, 18 अगस्त (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार से अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, तवांग, पश्चिम कामेंग, पूर्वी कामेंग, पापुम पारे, लोअर सुबनसिरी, अपर सुबनसिरी, पूर्वी सियांग, लोअर दिबांग, लोहित, अंजॉ, नामसाई, चांगलांग, तिरप और लोंगडिंग समेत कई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
आईएमडी ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी कई जिलों में बारिश और गरज-चमक जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहांत तक मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है।
प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को मौसम खराब रहने के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लोगों से पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण लेने से बचने, यात्रा से पहले सड़क एवं यातायात की स्थिति की जानकारी लेने, अनावश्यक यात्रा से बचने और अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय मौसम की स्थिति तेजी से बदल सकती है।
बारिश के कारण पूर्वोत्तर राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक 12 लोगों की मौत होने की आशंका है। इस आपदा से 28 जिलों में 1,55,858 लोग प्रभावित हुए हैं।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


