गहरा दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा में भारी बारिश की संभावना : आईएमडी

Ads

गहरा दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा में भारी बारिश की संभावना : आईएमडी

  •  
  • Publish Date - August 19, 2022 / 08:09 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:50 PM IST

भुवनेश्वर, 19 अगस्त (भाषा) बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र के गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने के चलते ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

विभाग ने चक्रवात की आंशका को खारिज किया है।

अमेरिका के संयुक्त तूफान चेतावनी केन्द्र (जेटीडब्ल्यूसी) द्वारा बृहस्पतिवार को चक्रवात की संभावना व्यक्त किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की जानकारियां साझा की जाने लगीं।

आईएमडी महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘इस बार चक्रवात का अनुमान नहीं है। हमने कभी नहीं कहा कि मौसम संबंधी यह घटनाक्रम चक्रवात का रूप ले लेगा।’’

उन्होंने कहा कि गहरे दबाव के क्षेत्र के कारण तट के पास 60 से 65 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है जिसके आगे बढ़ने पर कमजोर पड़ने की संभावना है।

महापात्रा ने कहा, ‘‘उत्तरी ओडिशा में आज सबसे अधिक बारिश होगी जबकि कल पश्चिमी जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।’’

ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) पी.के. जेना ने संवाददाताओं से कहा कि आईएमडी ने चक्रवात के कोई संकेत नहीं दिए हैं।

जेना ने कहा, ‘‘हमारे विशेषज्ञों ने आईएमडी और जेटीडब्ल्यूसी दोनों के मॉडल का अध्ययन किया है। दोनों लगभग एक जैसे मौसम संबंधी घटनाक्रम का संकेत देते हैं। जेटीडब्ल्यूसी ने कहीं ऐसा नहीं कहा है कि यह चक्रवात का रूप ले लेगा।’’

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश