झारखंड के कुछ हिस्सों में दो दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना

Ads

झारखंड के कुछ हिस्सों में दो दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना

  •  
  • Publish Date - August 6, 2024 / 03:08 PM IST,
    Updated On - August 6, 2024 / 03:08 PM IST

रांची, छह अगस्त (भाषा) झारखंड के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि इस पूर्वी राज्य के कई स्थानों पर सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मानसून के कारण मंगलवार और बुधवार को झारखंड में अच्छी-खासी वर्षा होने की संभावना है। उनका कहना था कि आगामी दो दिनों में दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

उन्होंने कहा, ”पिछले हफ्ते की बारिश ने राज्य में सालाना होने वाली बारिश की कमी को घटाकर 19 फीसदी कर दिया है, जिसे आईएमडी सामान्य मानता है।”

धनबाद और रांची में क्रमशः पांच प्रतिशत और एक प्रतिशत की अधिशेष वर्षा दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि झारखंड के तीन जिलों में अभी भी सामान्य से 40 फीसदी कम बारिश हुई है तथा पाकुड़ में सबसे कम 48 फीसदी बारिश दर्ज की गई।

अधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में हुई भारी बारिश से राज्य में बुआई प्रक्रिया तेज हुई है।

राज्य कृषि विभाग की बुआई रिपोर्ट के अनुसार 6.87 लाख हेक्टेयर क्षेत्र यानि कृषि योग्य भूमि के 38.20 प्रतिशत हिस्से में धान बोई गई है जबकि लक्ष्य 18 लाख हेक्टेयर क्षेत्र का था।

इससे पहले 26 जुलाई तक धान की बुआई का आंकड़ा महज 13.53 फीसदी था।

रिपोर्ट मे बताया गया कि पांच अगस्त तक 28.27 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले मात्र 16.21 लाख हेक्टेयर या 57.36 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि में खरीफ फसलें बोई गईं।

भाषा मनीषा राजकुमार

राजकुमार