हिमाचल में भारी बारिश का कहर: तीन जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, कई सड़कें अवरुद्ध

हिमाचल में भारी बारिश का कहर: तीन जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, कई सड़कें अवरुद्ध

हिमाचल में भारी बारिश का कहर: तीन जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, कई सड़कें अवरुद्ध
Modified Date: July 21, 2026 / 08:13 pm IST
Published Date: July 21, 2026 8:13 pm IST

शिमला, 21 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने ‘रेड’ अलर्ट जारी किया, जिसके मद्देनजर मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहे।

लगातार बारिश के कारण शिमला जिले के ठियोग, चंबा के सलूणी और कुल्लू के निरमंड में भी सभी शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए।

मंगलवार को कांगड़ा जिले के शाहपुर उप-संभाग की बोह घाटी में भारी बारिश के कारण छह घर बह गए। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

खबरों के अनुसार, बादल फटने से सपेड़ी और गरुड़ गांवों में छह घर बह गए। लाम गांव पर भी खतरा मंडरा रहा है। गांवों तक जाने वाले कई रास्ते प्रभावित हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, किन्नौर जिले में भूस्खलन के कारण पुराना हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-5) यातायात के लिए बंद कर दिया गया। शलखर के पास पहाड़ी से मलबा गिरने और सामदो के पास पत्थर गिरने से सड़क बाधित हुई। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

इन घटनाओं के कारण काजा, स्पीति, पूह और रिकांग पिओ के बीच यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके अलावा नूरपुर-लाहड़ू, चौबाड़ी-दलहौजी, शाहपुर-सिहुंता-चौबाड़ी और राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए समेत कई सड़कें बंद रहीं।

सोमवार शाम से कांगड़ा, चंबा और सिरमौर के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। पालमपुर में सबसे अधिक 136.4 मिमी बारिश हुई, जबकि ददाहू में 105.6 मिमी और जट्टों बैराज में 103.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने मंगलवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश तथा अचानक बाढ़ की आशंका जताई है।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, सोमवार शाम की बारिश के बाद प्रदेश में 36 सड़कें बंद हैं, जबकि 43 पेयजल योजनाएं और पांच ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं।

प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की अपील की है।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में