हिमाचल: एनएसयूआई ने मांगा प्रधान का इस्तीफा, एनटीए पर प्रतिबंध लगाने की मांग की
हिमाचल: एनएसयूआई ने मांगा प्रधान का इस्तीफा, एनटीए पर प्रतिबंध लगाने की मांग की
शिमला, 13 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश में बुधवार को नीट परीक्षा के उम्मीदवारों ने कथित पेपर लीक को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया और जिम्मेदारियों को निभाने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को तत्काल भंग करने की भी मांग की और कहा कि एजेंसी निष्पक्ष परीक्षाएं आयोजित करने में असमर्थ है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के पास समर हिल में विरोध प्रदर्शन किया और एनटीए का पुतला जलाया।
उन्होंने उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा जांच की मांग की।
एनएसयूआई ने हमीरपुर में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया जिसमें उसके अध्यक्ष टोनी ठाकुर ने ‘नैतिक आधार’ पर प्रधान के इस्तीफे और एनटीए पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की।
इस बीच, नीट परीक्षा देने वाले छात्र बेहद परेशान हैं।
कुल्लू के रहने वाले सोनेश ठाकुर ने बताया कि वह पिछले एक साल से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पेपर लीक की खबर मिलते ही उनके सपने चकनाचूर हो गए।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परीक्षा कक्षों के अंदर छात्रों पर सख्त उपाय लागू किए जाते हैं, उसी प्रकार एनटीए को भी प्रश्न पत्रों की तैयारी और प्रबंधन के दौरान किसी भी प्रकार की जानकारी बाहर आने से रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए थी।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


