हिमाचल के मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों को पद की शपथ दिलाई
हिमाचल के मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों को पद की शपथ दिलाई
शिमला, 18 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बृहस्पतिवार को कांगड़ा जिले के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों को पद की शपथ दिलाई तथा पंचायती राज संस्थाओं के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं।
सुक्खू इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को हिमाचल प्रदेश को ‘चिट्टा’ (हेरोइन) मुक्त बनाने और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ ‘जन आंदोलन’ को मजबूत करने की सामूहिक शपथ भी दिलाई।
धर्मशाला के दारी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि पंचायतें भारतीय लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव हैं, जिन्होंने महात्मा गांधी के ‘ग्राम स्वराज’ के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा, ‘पंचायत प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। उन पर ग्राम विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण को बढ़ावा देने के साथ-साथ सड़कों, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और आजीविका से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है।’
भाषा सुमित रंजन
रंजन

Facebook


