हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश को लेकर जारी ‘रेड अलर्ट’ के मद्देनजर चार जिलों में शिक्षण संस्थान बंद
हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश को लेकर जारी 'रेड अलर्ट' के मद्देनजर चार जिलों में शिक्षण संस्थान बंद
शिमला, 21 जुलाई (भाषा) मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश को लेकर जारी ‘रेड’ अलर्ट के मद्देनजर कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों तथा शिमला जिले के ठियोग उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान मंगलवार को बंद कर दिए गए।
मौसम विभाग ने मंगलवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही राज्य के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक दिन में 115.6 मिलीमीटर से 204.5 मिलीमीटर तक होने वाली बारिश को ‘बहुत भारी’ और 204.5 मिलीमीटर से अधिक बारिश को ‘अत्यधिक भारी’ माना जाता है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, सोमवार शाम हुई बारिश के बाद हिमाचल प्रदेश में कुल 36 सड़कें बंद हो गईं। इनमें मंडी की 11 और चंबा की 10 सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा 43 जल आपूर्ति योजनाएं और पांच बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी उपायुक्तों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने और उन संवेदनशील स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां भूस्खलन, अचानक बाढ़ और बादल फटने की आशंका है।
उन्होंने लोगों से आधिकारिक परामर्श का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर ‘1070’ या जिला आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर ‘1077’ पर संपर्क करने की अपील की है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


