हिमाचल में बारिश के कहर से सड़कें बंद, छत गिरने से एक की मौत

हिमाचल में बारिश के कहर से सड़कें बंद, छत गिरने से एक की मौत

हिमाचल में बारिश के कहर से सड़कें बंद, छत गिरने से एक की मौत
Modified Date: July 9, 2023 / 03:06 pm IST
Published Date: July 7, 2023 3:41 pm IST

शिमला/ऊना, सात जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में भारी बारिश के कारण एक गुरुद्वारे की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए । ऊना जिले के एक गांव से 130 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में बृहस्पतिवार शाम तक लगभग 59 सड़कें बंद थीं और 24 जून से इस मानसून सीजन के दौरान राज्य को लगभग 320 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम दत्यार के पास भूस्खलन के बाद सोलन जिले में कसौली-घरखाल-धरमपुर सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी गई है।

भूस्खलन के मलबे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पांच (शिमला-चंडीगढ़) पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ क्योंकि कसौली सड़क इसके ठीक ऊपर है। यह जानकारी उन्होंने शुक्रवार को दी।

बृहस्पतिवार रात सिरमौर जिले के पांवटा साहिब गुरुद्वारे की छत ढह गई जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तराखंड के हरिद्वार के मिलनदीप सिंह के रूप में हुई।

ऊना जिले में, पास के नाले में बाढ़ आने के बाद चढतगढ़ गांव के एक श्मशान में लगभग 130 लोग फंस गए। ग्रामीणों को अपनी जान बचाने के लिए जलती चिता को पानी में छोड़ कर पास की छतों पर चढ़ना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ऊना के उपमंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) विश्वदेव मोहन चौहान मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग की मदद से ग्रामीणों को बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद सभी लोगों को बचा लिया गया हैं।

बृहस्पतिवार रात से राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें ऊना में 31 मिमी, सोलन में 22.5 मिमी, सराहन में 22 मिमी, जुब्बारहट्टी में 20 मिमी ,भरमौर और मशोबरा में 15. 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।

स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय ने नौ जुलाई तक मैदानी, निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट’ जारी किया है।

भाषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।