शिमला, 11 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में 18 वर्षीय युवक ने तेंदुए के हमले से खुद का बचाव किया और पत्थरों से उसका जबड़ा व पंजे तोड़ दिए जिससे उसकी (तेंदुए की) मौत हो गई।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के द्वितीय वर्ष के छात्र को सोमवार को अर्की अस्पताल ले जाया गया और इलाज के बाद उसी दिन छुट्टी दे दी गई। वन अधिकारियों ने युवक को तत्काल राहत व उसकी बहादुरी के सम्मान स्वरूप 5,000 रुपये प्रदान किए हैं।
यह घटना सोमवार सुबह करीब सात बजे घटी जब प्रवेश शर्मा दूध लेने जाने के दौरान अर्की के सरली गांव में खेतों से गुजर रहे थे।
उस भयावह घटना का वर्णन करते हुए शर्मा ने बताया कि हमला उनके घर से कुछ ही मीटर की दूरी पर हुआ था। शर्मा ने तेंदुए के जबड़े पकड़ लिए और पूरा प्रयास किया कि जानवर उसकी गर्दन नहीं पकड़ सके।
शर्मा ने बताया कि दस मिनट से अधिक समय तक चले संघर्ष के बाद उन्होंने पत्थरों से तेंदुए के जबड़े और पंजे तोड़ दिए और लगातार मदद के लिए चिल्लाते रहे।
शर्मा ने बताया कि हमले में उनके हाथों, कंधों, पैरों और चेहरे पर कई चोटें आईं।
उन्हें अर्की अस्पताल ले जाया गया और इलाज के बाद उसी दिन छुट्टी दे दी गई।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश