सरकार ने बिरला के हाथ बांध दिए हैं: वेणुगोपाल

Ads

सरकार ने बिरला के हाथ बांध दिए हैं: वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 04:01 PM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 04:01 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को लोकसभा में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अध्यक्ष ओम बिरला के हाथ ‘‘बांध’’ दिये हैं, जिससे उन्हें सत्तारूढ़ दल की इच्छा के अनुसार काम करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

बिरला को अध्यक्ष पद से हटाने के संकल्प पर चर्चा में भाग लेते हुए वेणुगोपाल ने महिला सांसदों के खिलाफ आरोप लगाने के लिए उनकी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि बिरला ने दावा किया कि उनके पास इसकी पुख्ता जानकारी थी कि कांग्रेस की महिला सांसद सदन में प्रधानमंत्री की सीट तक पहुंचकर कुछ अप्रत्याशित घटना को अंजाम दे सकती हैं।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘यह बहुत ही अपमानजनक और सबसे गैर-जिम्मेदाराना बयान था।’’

वेणुगोपाल की इस टिप्पणी पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने तीखा विरोध दर्ज कराया।

रीजीजू ने कहा कि बजट सत्र के पिछले चरण में लगभग कांग्रेस के 25 से 30 सांसद अध्यक्ष के कक्ष में गए और उन्होंने जो व्यवहार किया, वैसा व्यवहार कभी देखा नहीं गया।

मंत्री ने कहा, ‘‘अगर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जारी कर दी जाए, तो पूरी दुनिया आपके सांसदों के व्यवहार पर शर्मिंदा होगी।’’

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष सदन के प्रत्येक सदस्य का संरक्षक होता है और यदि वह सत्तारूढ़ दल के मुखिया के रूप में कार्य करता है, तो यह गंभीर चिंता पैदा करता है।’’

उन्होंने दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने से रोका जाता है और उनका माइक बंद कर दिया जाता है।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘पिछले सत्र में सत्तापक्ष के सदस्यों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू पर हमला बोला था, लेकिन अब उनकी तारीफ कर रहे हैं। भविष्य में, वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए राहुल गांधी जी की भी प्रशंसा करेंगे।’’

भाषा

हक हक सुभाष

सुभाष