हिमाचल प्रदेश जिला परिषद चुनाव: भाजपा ने 251 में से 190 सीटों पर जीत का दावा किया

Ads

हिमाचल प्रदेश जिला परिषद चुनाव: भाजपा ने 251 में से 190 सीटों पर जीत का दावा किया

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 10:48 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 10:48 PM IST

शिमला, एक जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में से तीन में शानदार जीत हासिल करने के बाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को जिला परिषद चुनावों में भी भारी जीत का दावा किया।

भाजपा की प्रदेश इकाई ने दावा किया कि उसने जिला परिषद चुनावों में कुल 251 सीटों में से 190 से अधिक सीटों पर जीत हासिल की है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में भी हार का सामना करना पड़ा।

जिन तीन नगर निगमों में भाजपा को जीत मिली है, वे मंडी, सोलन और धर्मशाला हैं, जबकि कांग्रेस ने पालमपुर नगर निगम पर अपना कब्जा बरकरार रखा।

चार नगर निगमों में चुनाव दलगत आधार पर हुए, जबकि अन्य सभी शहरी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव दलगत आधार पर नहीं हुए।

सोमवार शाम तक जिला परिषद चुनावों के पूर्ण और आधिकारिक नतीजे उपलब्ध नहीं हो सके थे।

नगर परिषदों और नगर पंचायतों सहित शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव 17 मई को हुए, जबकि ग्राम पंचायतों, प्रधान और उप प्रधान, पंचायत समिति और जिला परिषद के सदस्यों के चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को हुए।

विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों के संभावित परिणामों का पहले से ही अंदाजा था, इसी कारण वह इन चुनावों से बचने की कोशिश कर रहे थे।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ा है।

वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने एक बयान में कहा कि पार्टी ने व्यापक जनसमर्थन हासिल कर अपनी मजबूत राजनीतिक स्थिति को फिर से साबित किया है। कुमार ने दावा किया कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने पंचायत चुनावों में ऐतिहासिक सफलता हासिल की।

भाषा आशीष वैभव

वैभव