हिमंत विश्व शर्मा का खरगे को ‘पागल’ कहना भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का सबूत : कांग्रेस

हिमंत विश्व शर्मा का खरगे को ‘पागल’ कहना भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का सबूत : कांग्रेस

हिमंत विश्व शर्मा का खरगे को ‘पागल’ कहना भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का सबूत : कांग्रेस
Modified Date: April 7, 2026 / 08:26 pm IST
Published Date: April 7, 2026 8:26 pm IST

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को ‘‘पागल’’ कहकर उन्हें अपमानित किया है व यह दलित समुदाय का अपमान है तथा भाजपा की ‘दलित विरोधी मानसिकता’ का प्रमाण है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने शर्मा की संवाददाताओं से बातचीत का हवाला देते हुए यह भी कहा कि ‘निवर्तमान मुख्यमंत्री’ शर्मा का बयान अपमानजनक है।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह सर्वविदित है कि असम के निवर्तमान मुख्यमंत्री भाषा में कोई मर्यादा या संयम नहीं रखते, व्यवहार की बात तो दूर की है। मल्लिकार्जुन खरगे जी कांग्रेस अध्यक्ष और भारत के संविधान द्वारा संभव किए गए सामाजिक सशक्तीकरण के सबसे शक्तिशाली प्रतीक हैं। उनके प्रति दुर्व्यवहार किसी भी सीमा से परे अपमानजनक है… यह न केवल उनके (शर्मा के) मानसिक विकार, बल्कि भाजपा की दलित-विरोधी मानसिकता को भी उजागर करता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ असम के निवर्तमान मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के बारे में जो कहा है वह भी अत्यंत निंदनीय है।’’

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि शर्मा को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पूछ रहे हैं ‘‘कौन है खरगे?’’ और ‘पागल’ जैसे अपमानित करने वाले शब्द का उपयोग करना यह दिखाता है कि वह कितने हताश और परेशान हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक, जो सबसे साधारण पृष्ठभूमि से भी आते हैं, का अपमान करने के लिए हिमंत को इस निंदनीय आचरण के लिए माफी मांगनी चाहिए।’’

वेणुगोपाल ने दावा किया कि गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों से शर्मा बहुत परेशान हैं और नफरत फैलाने के लिए सबसे निम्न स्तर की भाषा का इस्तेमाल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह वह मानसिकता है जिसे हम अस्वीकार करते हैं और हम उनसे इस बयान के लिए बिना शर्त माफी की मांग करते हैं।’’

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भी बयान की आलोचना की और कहा शर्मा ने सिर्फ खरगे का नहीं, बल्कि पूरे दलित समुदाय का अपमान किया है।

खरगे का ताल्लकु कर्नाटक प्रदेश से है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘ऐसी टिप्पणियां गहरी प्रतिगामी मानसिकता को दर्शाती हैं, जो भाजपा-आरएसएस की मनुवादी सोच और कट्टरता में निहित है। ऐसा प्रतीत होता है कि शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनाव में हार के डर और भ्रष्टाचार के मामलों में जेल जाने के आसार से अपना संतुलन खो दिया है, जैसा कि राहुल गांधी ने कहा था।’’

उन्होंने कहा कि शर्मा को देश और दलित समुदाय से माफी मांगनी चाहिए।

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में