हिमंत विश्व शर्मा बुधवार को दे सकते हैं इस्तीफा

Ads

हिमंत विश्व शर्मा बुधवार को दे सकते हैं इस्तीफा

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 08:35 PM IST

गुवाहाटी, पांच मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा बुधवार को राज्यपाल से मुलाकात करके उन्हें अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं, जिससे नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा। एक आधिकारिक सूत्र ने यह जानकारी दी।

शर्मा ने यहां पत्रकारों से कहा कि चुनाव परिणाम आधिकारिक तौर पर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सौंपे जाने के बाद वह उनसे मुलाकात करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बुधवार सुबह आचार्य को अंतिम परिणाम सौंपने वाले हैं।

राज्य विधानसभा की 126 सीट में से 102 सीट जीतकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा। ​​भाजपा को 82 सीट पर जीत मिली, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीट पर जीत हासिल की।

चुनाव से पहले शर्मा को सत्ताधारी गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘परिणाम राज्यपाल को सौंपे जाने के बाद मैं उनसे मिलूंगा और अपना इस्तीफा दे दूंगा। इससे नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा।’

शर्मा ने कहा कि विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किए गए जे. पी. नड्डा और नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुसार नव निर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक बुलाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं नड्डा से बात करूंगा और उनके द्वारा तय की गई तारीख के अनुसार विधायकों को बुलाऊंगा।’

उन्होंने कहा, ‘इसके साथ ही सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।’

शर्मा ने कहा कि नई विधानसभा में विपक्ष के नेता का पद शायद न हो, क्योंकि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के पास 19 विधायक हैं, जबकि उस पद को पाने के लिए किसी पार्टी के कम से कम 22 विधायकों की आवश्यकता होती है।

उन्होंने कहा, ‘अत: संवैधानिक मानदंडों के अनुसार, विपक्ष का कोई नेता नहीं होगा। लेकिन सभी दलों के अपने-अपने विधायक दल के नेता होंगे।’

भाषा

शुभम नरेश

नरेश