भूमि कब्जाने के आरोपों को लेकर हिमंत ने कांग्रेस नेताओं पर 500 करोड़ रुपये का मुकदमा किया

Ads

भूमि कब्जाने के आरोपों को लेकर हिमंत ने कांग्रेस नेताओं पर 500 करोड़ रुपये का मुकदमा किया

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 08:21 PM IST

गुवाहाटी, 10 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने उनके व उनके परिवार के खिलाफ ‘भूमि कब्जाने’ के आरोप लगाने को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई पर हाल में एक प्रेस वार्ता के दौरान ‘झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक आरोप’ लगाने का इल्जाम लगाया, जिसके कारण उनके खिलाफ कानूनी मुकदमा दायर किया गया।

बोंगाईगांव में एक आधिकारिक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत में शर्मा ने कहा, “पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि मेरे पास 12,000 बीघा (3,960 एकड़ से अधिक) बेनामी जमीन है। मैंने अदालत में मुकदमा दायर किया है ताकि वे अदालत के समक्ष ही सूची प्रस्तुत कर सकें।”

उन्होंने कहा कि अगर वे सूची उपलब्ध नहीं करा पाते हैं, तो उन्हें 500 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा।

इससे पहले शर्मा ने ‘एक्स’ पर कहा,“आज मैंने कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के खिलाफ प्रेस वार्ता के माध्यम से मेरे खिलाफ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक आरोप लगाने के लिए 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया है।”

यहां चार फरवरी को एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की ‘जांच’ से पता चला है कि ‘राज्य भर में मुख्यमंत्री और उनके परिवार द्वारा लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया गया है।’

सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री का विवादित वीडियो प्रसारित करने को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा के खिलाफ गुवाहाटी में शिकायत दर्ज कराने के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा कि वह पहले की तरह ही अपनी बात कहते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने ‘अवैध बांग्लादेशियों’ के खिलाफ अपने रुख का स्पष्ट जिक्र करते हुए कहा, ‘यह अच्छी बात है कि उन्होंने मामला दर्ज कराया है… सांप्रदायिक का क्या मतलब है? आप सभी जानते हैं कि मैं किसके खिलाफ हूं।’

शर्मा ने कहा “अगर मेरे खिलाफ मामला दर्ज होगा तो मेरा क्या होगा? मेरे लिए सफेद सफेद है, काला काला है। वे मुझे डरा नहीं सकते। सिबानी बोरा, दिगंता बर्मन, उनके मालिक राहुल गांधी मेरे खिलाफ मामला दर्ज करा सकते हैं।”

कांग्रेस के विधायक बोरा और बर्मन ने मंगलवार को गुवाहाटी के दिसपुर थाने में असम भाजपा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर डाले गए एक वीडियो को लेकर है, जिसमें शर्मा को राइफल से दो लोगों पर निशाना साधकर गोली चलाते दिखाया गया है जिसमें से एक शख्स ने टोपी पहनी हुई थी जबकि दूसरे की दाढ़ी थी। वीडियो के साथ “पॉइंट-ब्लैंक शॉट” लिखा था।

शनिवार को पोस्ट किया गया यह वीडियो भारी राजनीतिक विरोध के बाद हटा दिया गया।

शर्मा ने सोमवार को वीडियो के बारे में अनभिज्ञता जताई थी, जबकि गोगोई ने मुख्यमंत्री पर अपने वीडियो के माध्यम से मुसलमानों के खिलाफ ‘नरसंहार भड़काने’ का आरोप लगाया और पुलिस से स्वतः संज्ञान लेने का आग्रह किया।

भाषा नोमान नरेश

नरेश

शीर्ष 5 समाचार