गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार से बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर, सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे

Ads

गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार से बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर, सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 06:31 PM IST

कोलकाता, 17 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात तीन दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर उत्तर बंगाल पहुंचेंगे। इस दौरान वह सीमा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे तथा सिलीगुड़ी और कोलकाता में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री का रात करीब नौ बजे सिलीगुड़ी के निकट बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उनकी अगवानी करेंगे।

इसके बाद शाह कदमतला स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सीमावर्ती मुख्यालय जाएंगे, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।

शनिवार को वह बांग्लादेश सीमा के निकट जुमागाछ स्थित बीएसएफ की 18वीं बटालियन की सीमा चौकी का दौरा करेंगे।

इस दौरान शाह बीएसएफ जवानों से संवाद करेंगे, ‘प्रहरी सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे, पौधारोपण अभियान में हिस्सा लेंगे तथा बीएसएफ से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री सिलीगुड़ी स्थित उत्तर कन्या में एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें पश्चिम बंगाल में सीमा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।

वह राज्य में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का भी आकलन करेंगे और जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से जुड़े मामलों पर अलग से बैठक करेंगे।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि शाह के इस आधिकारिक दौरे का मुख्य केंद्रबिंदु सीमा सुरक्षा और सीमा प्रबंधन रहेगा।

शाह शनिवार शाम को कोलकाता के लिए रवाना होंगे।

रविवार को शाह पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

वह कोलकाता स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय में ‘म्यूजियम ऑफ वर्ड्स’ के पहले चरण का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में अमूल बंगाल डेयरी के दही प्रसंस्करण संयंत्र की आधारशिला रखेंगे।

शाह इससे पहले छह जुलाई को भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती समारोह में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल आए थे।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप