मोहाली, पांच सितंबर (भाषा) सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने वाली एक महिला शनिवार को मोहाली की अदालत में पेश हुई और उसने पुलिस द्वारा मामला बंद करने के लिए दाखिल की गई रिपोर्ट का विरोध किया। महिला के वकील ने यह जानकारी दी।
महिला ने गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी चहल के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर एक मई को सोहाना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शिकायतकर्ता के वकील एच. एस. धनाओ ने बताया कि उनकी मुवक्किल अदालत में पेश हुई और उसने अपना बयान दर्ज कराया, जिसमें उसने पुलिस की ओर से दाखिल मामला बंद करने की रिपोर्ट का विरोध किया।
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि विपक्षी दल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर पर कथित रूप से दुष्कर्म के दो मामलों – एक मोहाली और दूसरा अमृतसर में – को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए उन्हें निशाना बना रहे हैं।
हालांकि, भगवंत मान की पत्नी पहले ही इन आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर चुकी हैं।
धनाओ ने संवाददाताओं से कहा कि पीड़िता पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं है और वह उपलब्ध कानूनी उपायों का सहारा लेगी।
इस मामले में अगली सुनवाई के लिए अदालत ने 19 सितंबर की तारीख तय की है।
भाषा शफीक रंजन
रंजन