एलपीजी कीमतों में वृद्धि के विरोध में केरल के होटल-रेस्त्रां ने छह मई को 24 घंटे के बंद का आह्वान किया

Ads

एलपीजी कीमतों में वृद्धि के विरोध में केरल के होटल-रेस्त्रां ने छह मई को 24 घंटे के बंद का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 04:06 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 04:06 PM IST

तिरुवनंतपुरम, पांच मई (भाषा) रसोई गैस की कीमतों में भारी वृद्धि के विरोध में समूचे केरल के होटल, रेस्तरां, बेकरी और कैंटीन छह मई को 24 घंटे के लिए बंद रहेंगे। केरल होटल रेस्टोरेंट एसोसिएशन (केएचआरए) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एसोसिएशन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राज्यव्यापी आंदोलन के तहत ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवाएं भी आज के लिए बंद रहेंगी।

एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।

केएचआरए ने कहा कि राज्य भर में पेट्रोलियम कंपनियों और केंद्र सरकार के प्रतिष्ठानों के कार्यालयों के सामने विरोध मार्च और धरने आयोजित किए जाएंगे।

एर्नाकुलम में, पनामपिल्ली नगर स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन कार्यालय के सामने विरोध धरना होगा, जिसकी शुरुआत संगठन के राज्य अध्यक्ष जी जयपाल करेंगे।

एसोसिएशन ने कहा कि केरल के जिला मुख्यालयों पर भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन होंगे।

केएचआरए के पदाधिकारियों ने बताया कि कई व्यापारिक संगठनों – केरल व्यापारी व्यवसायी एकोपना समिति, केरल व्यापारी व्यवसायी समिति, ऑल केरल कैटरर्स एसोसिएशन और हॉस्टल ओनर्स फेडरेशन ने इस बंद का समर्थन किया है।

भाषा सुरभि दिलीप

दिलीप